नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने मोबाइल रिचार्ज को लेकर नए नियम जारी किए हैं। इसके तहत दूरसंचार कंपनियों को अब बिना डेटा वाले वॉयस और SMS पैकेज भी उपलब्ध कराने होंगे। नए नियमों का उद्देश्य ऐसे ग्राहकों को अधिक विकल्प देना है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती।
30 दिन या उससे कम वैधता वाले प्लान पर नया प्रावधान
TRAI के नए निर्देशों के अनुसार, यदि किसी कंपनी के पास 30 दिन या उससे कम वैधता वाला वॉयस-SMS-डेटा पैकेज है, तो उसी वैधता अवधि का एक वॉयस-SMS पैकेज बिना डेटा के भी उपलब्ध कराना होगा। ऐसे पैकेज की कीमत भी ग्राहकों के लिए उचित रूप से कम रखनी होगी।
इसके अलावा कंपनियों को कम से कम एक ऐसा वॉयस-SMS पैकेज भी उपलब्ध कराना होगा, जिसकी वैधता एक महीने की हो। यदि किसी महीने में संबंधित तारीख उपलब्ध नहीं होती है तो ग्राहक को उस महीने की अंतिम तारीख तक वैधता का विकल्प दिया जाएगा।
कम आय वाले ग्राहकों को मिलेगा ज्यादा विकल्प
नियामक के मुताबिक, इस बदलाव से खास तौर पर उन ग्राहकों को फायदा हो सकता है जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं है। ऐसे ग्राहक अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार केवल कॉल और SMS वाला रिचार्ज चुन सकेंगे।
TRAI ने कहा है कि नए प्रावधानों से ग्राहकों को अनावश्यक डेटा के लिए भुगतान करने के बजाय अपनी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा।
स्क्रिन गाइड को लेकर भी निर्देश
TRAI ने मोबाइल फोन के स्क्रीन गाइड की गुणवत्ता को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने मोबाइल स्क्रीन गाइड के मामले में गुणवत्ता नियंत्रण को अनिवार्य किया है, ताकि घटिया गुणवत्ता वाले स्क्रीन गाइड की बिक्री को रोका जा सके।
नए नियमों से मोबाइल रिचार्ज व्यवस्था में ग्राहकों के लिए बिना डेटा वाले विकल्प बढ़ने की उम्मीद है।

0 Comments