राजस्थान सरकार ने जारी किया 2026 भर्ती परीक्षा कैलेंडर, वर्षभर होंगी 44 परीक्षाएं

 


जयपुर। राजस्थान सरकार ने वर्ष 2026 के लिए भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस के अवसर पर इस रोजगार कैलेंडर का विमोचन किया। कैलेंडर के अनुसार वर्षभर में कुल 44 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से एक लाख से अधिक पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूर्व निर्धारित समय-सारिणी में संचालित कर अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए स्पष्ट रोडमैप उपलब्ध कराना और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

सरकारी जानकारी के अनुसार जनवरी से दिसंबर तक विभिन्न विभागों में चरणबद्ध परीक्षाएं आयोजित होंगी। शिक्षा, पुलिस, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा, प्रशासनिक सेवाओं और तकनीकी विभागों से जुड़ी भर्तियां इस कैलेंडर में शामिल हैं।

प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां

जनवरी में प्राध्यापक भर्ती 2025 और प्राथमिक विद्यालय अध्यापक लेवल-1 व लेवल-2 (सामान्य, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत) की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
फरवरी में सहायक विद्युत निरीक्षक, कनिष्ठ रसायनज्ञ और आयुष मिशन के विभिन्न पदों की परीक्षा होगी।
मार्च में सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती की मुख्य परीक्षा प्रस्तावित है।
अप्रैल में उप निरीक्षक पुलिस, कृषि पर्यवेक्षक, पशु चिकित्सक अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता भर्ती परीक्षाएं होंगी।
मई-जून के दौरान व्याख्याता, कृषि व्याख्याता, कोच भर्ती तथा राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जून में वनपाल, महिला पर्यवेक्षक और कांस्टेबल भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है, जिसमें कांस्टेबल के लगभग 4 हजार पद शामिल हैं।
जुलाई में ग्रेड-द्वितीय कनिष्ठ सहायक परीक्षा होगी, जिसमें 10 हजार से अधिक पद प्रस्तावित हैं।
जुलाई-अगस्त में वरिष्ठ अध्यापक, कनिष्ठ विधि अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, वरिष्ठ एवं बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक की परीक्षाएं होंगी।
सितंबर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक, निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर तथा निरीक्षक कारखाना रसायन भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है।
अक्टूबर में सहायक निदेशक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, ऊर्जा विभाग और सफाई कर्मचारी भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। सफाई कर्मचारी भर्ती में 24,793 पद प्रस्तावित हैं।
नवंबर में संरक्षण अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा होगी।
दिसंबर में ग्राम विकास अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग, पैरा मेडिकल और संविदा तकनीकी एसोसिएट की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

समय प्रबंधन में मिलेगी सुविधा

राज्य सरकार के अनुसार भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों को समय प्रबंधन में सुविधा मिलेगी और परीक्षाओं की तिथियों में बार-बार बदलाव की समस्या कम होगी। सरकार का दावा है कि निर्धारित समय-सारिणी से परीक्षा प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य के विकास के केंद्र में युवा हैं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments