जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर राम के नाम को लेकर अनावश्यक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सरकार का फोकस योजनाओं में पारदर्शिता और निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर है।
मदन राठौड़ ने मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में योजना के तहत अपात्र व्यक्तियों के नाम पर जॉब कार्ड बनाए जाने और भुगतान में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में केंद्र से निर्धारित अनुपात में मिलने वाली राशि के अनुसार ही भुगतान किया जाएगा और निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। यदि किसी स्तर पर कमियां सामने आती हैं, तो उन्हें सुधारने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाने से बच रहा है और जमीनी स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों पर गंभीरता नहीं दिखा रहा।
महेंद्र जीत सिंह मालवीय से जुड़े राजनीतिक अटकलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में मदन राठौड़ ने कहा कि इस संबंध में किसी प्रकार की औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने इसे आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यदि कोई संवाद होता है, तो संगठनात्मक स्तर पर उसे सुलझा लिया जाएगा।

0 Comments