केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात करके बजट 2026 को लेकर दी शुभकामनाएं




 नई दिल्ली/अजमेर |
 केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार मुलाकात कर केंद्रीय बजट 2026-27 के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संसद के अन्य माननीय सदस्य भी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक बजट है। यह बजट युवा, किसान और सहकारिता के त्रिकोण पर आधारित है, जो देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति की मजबूत नींव रखेगा।


बजट में ग्रामीण क्षेत्र के विकास को लेकर स्पष्ट विजन : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि बजट में कृषि और किसान कल्याण को केंद्र में रखते हुए किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को सशक्त करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। बजट में कृषि अवसंरचना, ग्रामीण रोजगार, कौशल विकास और सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि इस बजट में ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट झलक मिलती है। कृषि-आधारित उद्योगों, मूल्य संवर्धन, फूड प्रोसेसिंग और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने से किसानों को उत्पादन के साथ-साथ बेहतर बाजार और आय के नए अवसर प्राप्त होंगे।

बजट के प्रावधानों से किसानों को मिलेगा फायदा : केंद्रीय मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने बताया कि राजस्थान प्रदेश, विशेषकर उनका संसदीय क्षेत्र अजमेर, कृषि और पशुपालन पर आधारित अर्थव्यवस्था वाला क्षेत्र है। बजट में किए गए प्रावधानों से राजस्थान के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में कृषि, डेयरी और ग्रामीण अवसंरचना को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य, ग्रामीण समृद्धि और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत संकल्प पत्र है। केंद्रीय बजट 2026-27 देश के अन्नदाता को सशक्त बनाने और गांव-गरीब-किसान के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित होगा 

Post a Comment

0 Comments