ब्यावर। जिले में प्रस्तावित पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही चुनावी परिदृश्य स्पष्ट हो गया है। ब्यावर जिले की सात पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 6 हजार 687 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन द्वारा 774 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिले में कुल 216 ग्राम पंचायतें और 732 राजस्व ग्राम शामिल हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर 2060 वार्डों में चुनाव होंगे, जबकि पंचायत समिति के 129 और जिला परिषद के 27 वार्डों के लिए प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्तरों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।
पंचायत समितिवार मतदाता आंकड़ों के अनुसार मसूदा सबसे बड़ा ब्लॉक है, जहां 1 लाख 39 हजार 149 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद जैतारण में 1 लाख 33 हजार 587 और रायपुर में 1 लाख 28 हजार 190 मतदाता मतदान करेंगे। रास पंचायत समिति में 91 हजार 196, नरबदखेड़ा में 81 हजार 148, जवाजा में 77 हजार 300 तथा बदनौर सबसे छोटा ब्लॉक है, जहां 56 हजार 117 मतदाता सूचीबद्ध हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मतदान केंद्रों की संख्या मतदाता संख्या और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तय की गई है, ताकि मतदाताओं को मतदान के लिए अधिक दूरी न तय करनी पड़े। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। ग्राम पंचायत वार्डों में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना है, वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर भी राजनीतिक समीकरण आकार लेने लगे हैं।

0 Comments