जयपुर नॉर्थ रिंग रोड और प्रमुख कॉरिडोर परियोजनाओं पर हुई उच्चस्तरीय चर्चा

 

जयपुर | Awaz Nagrik Ki

राजस्थान में सड़क कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जयपुर की उत्तरी रिंग रोड, जयपुर–अमृतसर कॉरिडोर और जामनगर कॉरिडोर के क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा की।

बैठक में राजस्थान में चल रही और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं को राज्य के औद्योगिक विकास, यातायात सुगमता और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

भिवाड़ी जलभराव समस्या पर भी मंथन

बैठक के दौरान भिवाड़ी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी दी गई कि इस समस्या के समाधान के लिए कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र में जल प्रबंधन बेहतर होने की उम्मीद है।

यमुना जल समझौते पर अलग बैठक

इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात की। इस बैठक में यमुना जल समझौते के तहत जल प्रबंधन, अग्रिम कार्य योजना, पेयजल आपूर्ति और संबंधित परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इन बैठकों को राजस्थान की आधारभूत संरचना और जल संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments