अजमेर । केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए मनरेगा संशोधन विधेयक के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण और शहर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट का विशाल शांतिपूर्ण घेराव किया जाएगा। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे अजमेर कलेक्ट्रेट पर आयोजित होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. विकास चौधरी और शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि मनरेगा योजना के नाम में बदलाव कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किया जा रहा है और संशोधन विधेयक के जरिए गरीबों व मजदूरों से रोजगार की गारंटी छीनी जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह विधेयक पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर करने वाला है और इसका सीधा असर ग्रामीण रोजगार और आजीविका पर पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
इस घेराव कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण और शहर कांग्रेस द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजमेर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को जनहित और ग्रामीण अधिकारों की रक्षा से जुड़ा आंदोलन बताया है।
0 Comments