मदनगंज-किशनगढ़ | जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी मंगलवार सुबह 11:15 बजे पदभार ग्रहण करेंगे। इसके लिए किशनगढ़ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें जिलेभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। ब्लॉक स्तर से लेकर मंडल स्तर तक सभी इकाइयों को कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी पंचायत व निकाय चुनावों को लेकर होगी रणनीतिक चर्चा
पदभार ग्रहण के बाद विधायक डॉ. चौधरी जिले के प्रमुख नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों के मद्देनज़र संगठन को निचले स्तर पर मजबूत बनाने, बूथ प्रबंधन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर चर्चा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नए जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करेंगे।
SIR अभियान पर भी लेंगे समीक्षा बैठक
पदभार संभालने के तुरंत बाद डॉ. चौधरी विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। मतदाता सूची अद्यतन में आ रही चुनौतियों, अपात्र नामों की शिकायतों और बूथ स्तर के प्रबंधन पर भी चर्चा की जाएगी।

0 Comments