अजमेर । किशनगढ़ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विधायक डॉ. विकास चौधरी ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा में सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से कहा कि हवाई, रेल और नेशनल हाईवे से जुड़े महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद किशनगढ़ में चिकित्सा सुविधाएं अपेक्षित स्तर की नहीं हैं, जिससे आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक चौधरी ने सदन को अवगत कराया कि किशनगढ़ चारों ओर से नेशनल हाईवे से घिरा हुआ है और यहां विश्व प्रसिद्ध मार्बल औद्योगिक क्षेत्र स्थित है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वर्तमान में जिला अस्पताल शहर के मध्य स्थित होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त घायलों को समय पर उपचार मिलना कठिन हो जाता है। उन्होंने हाईवे के समीप एक समर्पित ट्रोमा सेंटर स्थापित करने की मांग रखी, जहां 24 घंटे एक्स-रे सहित सभी आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से रेडियोग्राफर के अभाव में यह सेवा बंद है। इसके कारण मरीजों को निजी संस्थानों में महंगी जांच करानी पड़ रही है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
विधायक ने अरांई, बोराडा और हरमाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सोनोग्राफी और प्रसव जैसी सुविधाओं के लिए लगभग 30 किलोमीटर दूर किशनगढ़ या केकड़ी जाना पड़ता है। साथ ही अरांई, जो कि निर्वाचन क्षेत्र का प्रमुख उपखंड मुख्यालय है, वहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने की आवश्यकता बताई। विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएगी।
0 Comments