अजमेर।
आगामी पंचायत आम चुनावों को लेकर अजमेर जिले में निर्वाचन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। निर्वाचन विभाग द्वारा बुधवार को जिले की विभिन्न पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। इन सूचियों के आधार पर ही आने वाले पंचायत चुनाव कराए जाएंगे।

केकड़ी पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है, जिसमें कुल 75,900 मतदाता शामिल हैं। इनमें 38,155 पुरुष और 37,745 महिला मतदाता हैं।  222 वार्डों की सूची का प्रकाशन किया गया। प्रशासन की ओर से अंतिम सूची का एक-एक सेट प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

इसी क्रम में बाघसुरी ग्राम पंचायत की अंतिम मतदाता सूची भी जारी की गई है। यहां 11 वार्डों में कुल 3,604 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड संख्या 11 में सर्वाधिक 451 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि वार्ड संख्या 7 में सबसे कम 229 मतदाता हैं। यह सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड कार्यालय की ओर से जारी की गई है।

नसीराबाद क्षेत्र में भी पंचायत चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। यहां कुल 1,00,700 मतदाता सूचीबद्ध हैं, जिनमें 51,072 पुरुष और 49,628 महिला मतदाता शामिल हैं। उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी देवीलाल यादव ने बताया कि इसी सूची के आधार पर पंचायत चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

सावर पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों के 176 वार्डों के लिए कुल 54,807 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 27,749 पुरुष और 27,058 महिला मतदाता हैं। सबसे अधिक वार्ड ग्राम पंचायत घटियाली में बनाए गए हैं। वहीं रामसर ग्राम पंचायत की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार 19 वार्डों में कुल 6,754 मतदाता शामिल हैं। पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में यहां मतदाताओं की संख्या में 525 की वृद्धि दर्ज की गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद अब चुनावी तैयारियों को और गति दी जाएगी। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, मतदान केंद्रों की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है और राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।